home page

असहाय नंदलाल को मिला अपना घर आश्रम में आश्रय

 | 
असहाय नंदलाल को मिला अपना घर आश्रम में आश्रय


रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। प्रणामी ट्रस्ट की ओर से संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में मंगलवार काे एक और निराश्रित व्यक्ति को लाया गया। सोमवार को बड़ा तालाब स्थित नागरमल सेवा सदन के समीप लावारिस अवस्था में भटक रहे असहाय व्यक्ति को रेस्क्यू कर पुंदाग स्थित अपना आश्रम पहुंचाया गया। इसके साथ ही आश्रम में रह रहे निराश्रितों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है।

यह जानकारी आश्रम के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।राजेंन्द्र प्रसाद ने बताया कि सेवा टीम को व्यक्ति के असहाय अवस्था में भटकने की सूचना मिली थी। इसके बाद मुकुंद यादव, आशीष कुमार और सूरज प्रमाणिक ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित आश्रम पहुंचाया। उन्होंने बताया कि आश्रम में पहुंचने के बाद उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई। पूछताछ में उसके नाम, पते और परिवार के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

उसकी स्मरणशक्ति भी काफी कमजोर पाई गई। देखभाल और पहचान के उद्देश्य से ट्रस्ट ने उसका नाम नंदलाल रखा है।

संजय सर्राफ ने बताया कि स्वामी सदानंद महाराज के मार्गदर्शन में जनवरी 2024 से आश्रम में मंदबुद्ध और निराश्रित लोगों की निःशुल्क सेवा की जा रही है। यहां रहने वालों के भोजन, चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा का ध्यान रखा जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar