home page

एचईसी कर्मियों के बकाया वेतन को लेकर यूनियन ने की श्रमायुक्त से मुलाकात

 | 
एचईसी कर्मियों के बकाया वेतन को लेकर यूनियन ने की श्रमायुक्त से मुलाकात


रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। एचईसी कर्मचारियों के 32 महीने के बकाया वेतन का भुगतान कराने की मांग को लेकर एचईसी श्रमिक संघ यूनियन के अध्यक्ष शनि सिंह ने शुक्रवार को रांची स्थित श्रमायुक्त कार्यालय में श्रमायुक्त से मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों से अवगत कराते हुए बकाया वेतन भुगतान के लिए हस्तक्षेप करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

शनि सिंह ने कहा कि लंबे समय से वेतन बकाया रहने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 45 दिनों के अंतराल पर वेतन मिलने से कर्मचारियों के लिए परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की जरूरतें और अन्य आवश्यक खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कहा कि एचईसी कर्मचारियों ने वर्षों तक अपनी मेहनत और समर्पण से संस्थान के विकास में योगदान दिया है, लेकिन उन्हें अपनी मेहनत की कमाई के भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति कर्मचारियों के लिए चिंताजनक है।

शनि सिंह ने श्रमायुक्त से एचईसी प्रबंधन के साथ समन्वय कर बकाया वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन, नियमानुसार प्रमोशन और बोनस मिलना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

श्रमायुक्त से मुलाकात करने के दौरान मुख्य रूप से उमाशंकर सिंह, लोकनाथ सिंह, शेखर कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar