रांची के होटल-गेस्ट हाउस में देह व्यापार के आरोप में कार्रवाई, 13 लोग गिरफ्तार, सरगना की तलाश
रांची, 15 अगस्त (हि.स.)। रांची पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे होटल और लॉज जांच अभियान के दौरान देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के एक निजी होटल में छापेमारी कर पांच युवतियों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, लालपुर थाना क्षेत्र के एक निजी गेस्ट हाउस में कार्रवाई कर संचालक, एक युवक और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों की जांच में राजन नामक व्यक्ति का नाम कथित तौर पर नेटवर्क के मुख्य संचालक के रूप में सामने आया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि होटल और गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके बाद कार्यपालक दंडाधिकारी जफर हसनात की मौजूदगी में रात करीब एक बजे निजी होटल सनराइज रेसीडेंसी में छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने होटल के पांच कमरों की तलाशी ली। इस दौरान अलग-अलग कमरों से युवक-युवतियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, नकदी और आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि पकड़ी गई पांचों युवतियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं।
गिरफ्तार युवतियों की पहचान आंचल कुमारी बेहरा, प्रियंका दास, नंदिता पाइक, संगीता साहा और ईशानी मंडल के रूप में हुई है। इनके अलावा उज्जवल मंडल, शुभम मंडल, सुनील कुमार नायक और अमित कुमार के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, होटल में कमरा लेने के दौरान पहचान छिपाने के लिए दूसरे लोगों के नाम का इस्तेमाल किए जाने की भी आशंका है। पूछताछ में होटल मैनेजर की भूमिका सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया जाता था और इसके बाद उन्हें होटल में कमरे उपलब्ध कराए जाते थे।
पूछताछ में एक युवती ने पुलिस को बताया कि वह राजन नामक व्यक्ति के माध्यम से होटल पहुंची थी। इसके बाद जांच में राजन का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, वह रांची में देह व्यापार से जुड़े एक पुराने नेटवर्क से जुड़ा रहा है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
कोतवाली के अलावा लालपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में भी पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को यहां भी देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तड़के करीब तीन बजे गेस्ट हाउस में छापेमारी की। रिसेप्शन पर मौजूद संचालक से पूछताछ के बाद पहली मंजिल के कमरों की तलाशी ली गई। एक कमरे से एक युवक और एक युवती, जबकि दूसरे कमरे से दो युवतियां मिलीं। तलाशी के दौरान चार मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पुलिस ने संचालक, एक युवक और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ में युवतियों ने कथित तौर पर बताया कि राजन ग्राहकों से बातचीत कर सौदा तय करता था। इसके बाद कैब चालकों के माध्यम से युवतियों को संबंधित होटल या गेस्ट हाउस तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के अनुसार, युवतियों को तय अवधि के लिए भुगतान किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पूछताछ में एक युवती को 13 दिनों के लिए 50 हजार रुपये और दूसरी को 15 दिनों के लिए 60 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि रांची में युवतियों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था गेस्ट हाउस संचालक की ओर से की जाती थी।
दोनों मामलों में राजन का नाम सामने आने के बाद पुलिस कथित नेटवर्क की अन्य कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाहर से युवतियों को रांची कौन बुलाता था, ग्राहकों तक उनकी पहुंच कैसे बनाई जाती थी और इस नेटवर्क में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों के अलावा और कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, राजन के खिलाफ लालपुर थाने में पहले भी मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
रांची के कोतवाली एएसपी निखिल राय ने बताया कि दोनों मामलों में कार्रवाई के बाद जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

