home page

एचईसी टाउनशिप में सीवरेज सफाई का काम ठप, गंदे पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा

 | 
एचईसी टाउनशिप में सीवरेज सफाई का काम ठप, गंदे पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा


रांची, 25 अप्रैल (हि.स.)। रांची स्थित हेवी इंजीनियर्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के आवासीय परिसर में सीवरेज लाइन की नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टाउनशिप की सीवरेज व्यवस्था चरमराने से कई इलाकों में गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।

हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि एचईसी प्रबंधन ने सीवरेज सफाई के लिए तैनात सफाईकर्मियों को टाउनशिप से हटाकर प्लांट में पदस्थापित कर दिया है। इसी कारण आवासीय क्षेत्रों में सीवरेज लाइन की नियमित सफाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से एलटीएल क्वार्टरों में स्थिति बेहद खराब है। यहां सीवरेज लाइन की सफाई लगभग बंद हो चुकी है, जबकि प्रबंधन की ओर से इन क्वार्टरों से प्रतिवर्ष 400 से 1000 रुपये तक शुल्क वसूला जाता है। इसके बावजूद निवासियों को मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही है।

लालदेव सिंह ने कहा कि पहले गैर-एलटीएल क्वार्टरों की भी नि:शुल्क सफाई की व्यवस्था थी, लेकिन अब आम लोगों को अपनी जेब से निजी सफाईकर्मियों को भुगतान कर सफाई करानी पड़ रही है। इससे कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उच्च अधिकारियों के क्वार्टरों में सीवरेज संबंधी समस्या होने पर प्लांट से ही सफाईकर्मी बुलाकर तुरंत नि:शुल्क सफाई कराई जाती है, जबकि आम कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी की जाती है। इससे प्रबंधन की दोहरी नीति साफ तौर पर सामने आती है।

यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाईकर्मियों को दोबारा टाउनशिप में तैनात नहीं किया गया, तो सड़कों पर गंदा पानी बहने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ेगा और डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

लालदेव सिंह ने नगर निगम से भी तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए फॉगिंग और सफाई अभियान जल्द शुरू किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar