रांची में 'बैंक ब्रांच ऑडिट' विषय पर सेमिनार, पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर
रांची, 23 मार्च (हि.स.)। इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की लेखापरीक्षा और आश्वासन बोर्ड, नई दिल्ली की ओर से सोमवार को बरियातू रोड स्थित होटल रमाडा में 'बैंक ब्रांच ऑडिट' विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा के उप-क्षेत्रीय प्रबंधक स्वप्निल श्रीवास्तव ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में लेखापरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सीए से अपेक्षा की कि वे नए दिशा-निर्देशों और तकनीकों को अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण ऑडिट सुनिश्चित करें।
रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने बताया कि आगामी माह में बैंक शाखाओं के वैधानिक अंकेक्षण का कार्य शुरू होने वाला है, जिसके लिए सीमित समय मिलता है। ऐसे में इस प्रकार के सेमिनार पेशेवरों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से ऑडिट पूरा करने में मददगार साबित होते हैं। उन्होंने बदलते परिवेश में तकनीकी ज्ञान और अद्यतन जानकारी की आवश्यकता पर भी बल दिया।
पहले तकनीकी सत्र में सीए राजीव गुप्ता ने बैंक शाखा ऑडिट के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वैधानिक लेखापरीक्षण प्रक्रिया, जोखिम मूल्यांकन और आंतरिक नियंत्रण प्रणाली के महत्व को समझाते हुए भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर दिया। साथ ही दीर्घ-रूप लेखा-परीक्षा रिपोर्ट (एलएफएआर) फॉर्मेट को सही तरीके से भरने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
दूसरे तकनीकी सत्र में सीए अनुरुद्ध तिवारी ने बैंक ऑडिट में दस्तावेजीकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मजबूत दस्तावेजीकरण ऑडिट की गुणवत्ता को बढ़ाता है और भविष्य के लिए उपयोगी संदर्भ प्रदान करता है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टूल्स के उपयोग से ऑडिट प्रक्रिया को अधिक कुशल और समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के प्रश्नों का विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। साथ ही सीए विद्यार्थियों द्वारा बैंक शाखा ऑडिट पर आधारित एक स्क्रिप्ट प्ले का मंचन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
सेमिनार का संचालन सीए अनूप कुमार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रांची शाखा के उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, कोषाध्यक्ष सीए हरेंद्र भारती, सीपीई कमिटी के अध्यक्ष सीए भुवनेश कुमार ठाकुर और कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व अध्यक्ष सीए अभिषेक केडिया का विशेष योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

