home page

जेएसएससी-सीजीएल रद्द करने के खिलाफ चयनित अभ्यर्थियों ने निकाला आक्रोश मार्च

 | 
जेएसएससी-सीजीएल रद्द करने के खिलाफ चयनित अभ्यर्थियों ने निकाला आक्रोश मार्च


रांची, 18 अगस्त (हि.स.)। झारखंड सरकार द्वारा जेएसएससी सीजीएल (जेएसएससी-सीजीएल) परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के विरोध में चयनित अभ्यर्थी सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार के फैसले के खिलाफ मंगलवार को आक्रोशित अभ्यर्थियों ने प्रोजेक्ट भवन से लेकर बिरसा चौक तक विरोध मार्च निकाला।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने 'न्याय दो या फांसी दो' के नारे लगाकर अपना कड़ा आक्रोश जताया। मार्च में शामिल चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार के इस कदम को पूरी तरह अन्यायपूर्ण और अनुचित बताया। उनका कहना है कि वे वर्षों की कड़ी मेहनत और अपनी योग्यता के दम पर चयनित हुए हैं। सरकार को अपना यह फैसला वापस लेना ही होगा। आंदोलन के दबाव में आकर चयनित और कार्यरत अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने साफ किया कि अगर परीक्षा में कोई अनियमितता हुई थी, तो दोषियों की पहचान कर उन पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी। पूरी परीक्षा रद्द करके निर्दोष अभ्यर्थियों को सजा देना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार परीक्षा रद्द करने का फैसला वापस नहीं लेती, तब तक वे अपना लोकतांत्रिक विरोध जारी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे