home page

जसीडीह रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का मॉक ड्रिल

 | 
जसीडीह रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का मॉक ड्रिल


देवघर, 28 जुलाई (हि.स.)।

राजकीय श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर मंगलवार को जसीडीह रेलवे स्टेशन पर विशेष सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य सुरक्षा जवानों को फायर सेफ्टी (अग्निशमन सुरक्षा) से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने जवानों को आग लगने के संभावित कारणों, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य करने के तरीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के बाद जसीडीह रेलवे स्टेशन परिसर में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान जवानों ने अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने और आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने (इवेक्यूएशन) का व्यावहारिक अभ्यास किया।

अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देवघर और जसीडीह पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy