कोठार ओवरब्रिज के पास एसडीपीओ आलोक रंजन ने की छापेमारी
रामगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर गुरुवार की देर शाम रामगढ़ पुलिस ने कोठार ओवरब्रिज के समीप सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान लाइन होटल एवं शराब दुकान के आसपास अड्डेबाजी करने वालों को निशाने पर लिया गया।
एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उक्त स्थलों पर पहुंचकर छापेमारी की और वहां अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधियों और अवांछित जमावड़े पर रोक लगाना है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी और किसी भी तरह की अवांछित गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर आगे भी छापेमारी अभियान चलाने की पहल की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

