home page

श्रावणी मेला में खामियां दिखे तो क्यूआर कोड स्कैन कर करें शिकायत

 | 
श्रावणी मेला में खामियां दिखे तो क्यूआर कोड स्कैन कर करें शिकायत


देवघर, 12 अगस्त (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए तकनीक का सहारा लिया है। मेला क्षेत्र में जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर श्रद्धालु किसी भी प्रकार की असुविधा या कमी की शिकायत सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं के बाबा बैद्यनाथ की नगरी से सुखद एवं बेहतर अनुभव लेकर अपने गंतव्य तक भेजना है?

उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में यदि किसी श्रद्धालु को साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, होल्डिंग प्वाइंट, प्रशासनिक शिविर, स्वास्थ्य शिविर या कांवरिया रूटलाइन से संबंधित कोई समस्या दिखाई देती है, तो वे संबंधित स्थान पर लगे क्यूआर कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

क्यूआर कोड स्कैन करते ही गूगल फॉर्म खुलेगा, जहां शिकायत दर्ज करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा। श्रद्धालु अपनी समस्या लिखने के साथ जरूरत पड़ने पर उसकी तस्वीर भी अपलोड कर सकते हैं। इससे प्रशासन को समस्या की वास्तविक स्थिति और स्थान की जानकारी मिलने में आसानी होगी।

प्राप्त शिकायतों की निगरानी के लिए मेला कंट्रोल रूम में एक विशेष सेल बनाया गया है। श्रद्धालु की ओर से दर्ज की गई शिकायत और अपलोड की गई तस्वीर कंट्रोल रूम के सिस्टम में प्राप्त होते ही संबंधित विभाग को टैग कर समस्या के समाधान का निर्देश दिया जाएगा।

इसके बाद मेला में प्रतिनियुक्त संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी। प्रशासन ने शिकायत प्रणाली को इस तरह विकसित किया है कि शिकायत मिलने से लेकर उसके समाधान तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। उन्होंने अपील की कि यदि मेला क्षेत्र में कहीं भी कोई कमी, असुविधा या सुधार की आवश्यकता दिखाई दे, तो श्रद्धालु तत्काल वहां उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर प्रशासन को जानकारी दें, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy