home page

एसबीयू विद्यार्थियों ने नवाचार और एआई में लहराया परचम

 | 
एसबीयू विद्यार्थियों ने नवाचार और एआई में लहराया परचम


रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के विद्यार्थियों ने नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

एसबीयू की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विद्यार्थियों ने विद्यार्थी नवाचार प्रदर्शनी आईसीसीआई 2026 में अपने अभिनव प्रोजेक्ट ई-फॉग कलेक्टर के लिए द्वितीय पुरस्कार हासिल किया।

वहीं बीटेक कंप्यूटर विज्ञान और अभियांत्रिकी के विद्यार्थियों की टीम कैफीन कोड ने आईबीएम राष्ट्रीय हैकाथॉन 2026 के पूर्वी क्षेत्र में विजेता का खिताब प्राप्त किया।

विज्ञप्ति में बताया गया कि आईसीसीआई 2026 का आयोजन बीआईटी मेसरा के कंप्यूटर विज्ञान और अभियांत्रिकी विभाग की ओर से किया गया था। ई-फॉग कलेक्टर परियोजना आयनिक पवन तकनीक के माध्यम से कोहरे से जल संग्रहण की अवधारणा पर आधारित है। विजेता टीम में निखिल शर्मा, आयुष राज और आयुष कुमार सुमन शामिल रहे। टीम का मार्गदर्शन डॉ अविनाश कुमार ने किया।

इधर, 11 से 13 सितंबर 2026 तक कोयंबटूर में आयोजित आईबीएम राष्ट्रीय हैकाथॉन में कैफीन कोड टीम ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ग्रामस्वास्थ्य एआई मंच विकसित किया। टीम में रिया कुमारी, रिसु कुमारी, शानवी अग्रवाल और अमन कुमार शामिल थे। विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रोफेसर गोपाल पाठक, कुलपति प्रोफेसर सी जगनाथन, राज्यसभा सांसद सह निदेशक डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने विजेता विद्यार्थियों, मार्गदर्शकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar