एसबीयू के एनएसएस शिविर में स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और विज्ञान के प्रति लोगों को किया जागरूक
रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) की एनएसएस इकाई की ओर से आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का सोमवार को समापन हुआ। शिविर के दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
10 और 11 सितंबर को क्यूररेबा की चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों को टीबी, कुष्ठ रोग और गैर-संचारी रोगों से बचाव की जानकारी दी तथा मधुमेह और रक्तचाप की जांच की। आराम आई हॉस्पिटल की टीम ने नेत्र जांच शिविर में करीब 52 लोगों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में साइबर ठगी, फर्जी संदेश और संदिग्ध लिंक से बचाव के उपायों के साथ सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
सहायक प्राध्यापिका डॉ. सग्निका प्रधान ने रसायन विज्ञान के प्रयोगों का प्रदर्शन किया, जबकि डॉ. संजीव कुमार ने रोबोटिक्स और रोबोट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। सात दिनों के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लिया।
समापन समारोह में विश्वविद्यालय की प्रोफेसर श्वेता कुमारी, डॉ. मुकेश सिंह, मुखिया सुखराम कुमार, शिक्षक, स्वयंसेवक, विद्यार्थी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

