विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरी कर लौटने पर मोर्चा ने किया सत्यम का स्वागत
देवघर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत वाराणसी से वडनगर तक की 25 दिवसीय प्रेरणादायी सेवा यात्रा पूरी कर मधुपुर के भाजपा युवा मोर्चा के नगर महामंत्री सत्यम अपने साथियों के साथ मधुपुर पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा नगर अध्यक्ष रवि रवानी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मधुपुर रेलवे स्टेशन पर अंगवस्त्र भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। माैके पर सत्यम ने कहा कि यह यात्रा महज भौगोलिक दूरी तय करने का माध्यम नहीं थी, बल्कि जन-जन को सशक्त बनाने, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और अंत्योदय के संकल्प को गति देने का एक सार्थक प्रयास था।
उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने के संकल्प को और मजबूती मिली है। इस तरह की पहल से युवाओं और कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा, सामाजिक दायित्व और जनकल्याण के प्रति नई ऊर्जा का संचार होता है।
स्वागत कार्यक्रम में अशोक गोंड, विक्की भारद्वाज, अमिताभ गुप्ता, शैलेंद्र गौतम, संजय मिश्रा, नीरज गुप्ता सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

