चलंत प्याऊ से गर्मी में मिलेगा सत्तू पानी और नींबू पानी : मुकेश
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)।
मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा (सत्र 2026-27) की प्रथम कार्यकारिणी बैठक शनिवार को अपर बाज़ार स्थित अग्रसेन भवन में हुई।
बैठक में समाजसेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आमजन को राहत देने के लिए 19 अप्रैल को चलंत प्याऊ का शुभारंभ किया जाएगा। इस चलंत प्याऊ से सत्तू पानी, आम का पन्ना और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थ लोगों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर अस्थायी प्याऊ भी लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। इसके अलावे बैठक में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिसमें आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा दी जाएगी।
इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने कहा कि शहर में रक्त की कमी को ध्यान में रखते हुए मंच की ओर से अधिक से अधिक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावे उन्होंने सभी सदस्यों से वार्षिक शुल्क समय पर जमा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिन सदस्यों ने दिसंबर माह तक वार्षिक शुल्क जमा नहीं किया जाएगा, उन पर देय राशि पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क (लेट फीस) लगाया जाएगा।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष विनय अग्रवाल, सुभाष पटवारी, प्रवीण जैन छाबड़ा, अर्जुन सिंघानिया, विकाश अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पाड़िया, उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

