home page

विधायक ने की डीसी से बड़की चांपी-सलगी तक सड़क बनाने की मांग

 | 
विधायक ने की डीसी से बड़की चांपी-सलगी तक सड़क बनाने की मांग


लोहरदगा, 25 अप्रैल (हि.स.)। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शनिवार को लोहरदगा के उपायुक्त संदीप कुमार मीणा से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने चूल्हा पानी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और वहां तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही बड़की चांपी और सलगी के बीच सड़क की खराब स्थिति को लेकर चिंता जताई। इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मत जल्द कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

राय ने कहा कि चूल्हा पानी सलगी पंचायत में स्थित है, इसलिए पंचायत के समग्र विकास के लिए ठोस योजना तैयार करने की आवश्यकता है। इस पर उपायुक्त ने सहमति जताई, वहीं इस संबंध में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से भी अनुरोध किया गया है।

सरयू राय ने बताया कि चूल्हा पानी दामोदर नदी के उद्गम स्थल के रूप में ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने वर्ष 2004 में दामोदर बचाओ आंदोलन के तहत निकाली गई जागरूकता यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 25 मई 2026 को गंगा दशहरा के अवसर पर यहां दामोदर महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें कीर्तन और अष्टजाम के साथ नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar