home page

जरूरतमंद परिवार की मदद को आगे आया सर्व ब्राह्मण समाज, किया आर्थिक सहयोग

 | 
जरूरतमंद परिवार की मदद को आगे आया सर्व ब्राह्मण समाज, किया आर्थिक सहयोग


चतरा, 23 अगस्त (हि.स.)। जिले के सिमरिया प्रखंड के बड़गांव निवासी शिवसागर उपाध्याय के निधन के बाद उनके परिवार पर आए संकट की घड़ी में सर्व ब्राह्मण समाज टंडवा ने मानवीय पहल करते हुए आर्थिक सहयोग किया।

समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बड़गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और दिवंगत की पत्नी और बच्चों को आर्थिक सहायता राशि भेंट की।

उल्लेखनीय है कि चार दिनों पहले शिवसागर उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन के बाद पत्नी, चार छोटे बच्चों और वृद्ध मां के समक्ष भरण-पोषण एवं धार्मिक कर्मकांड को लेकर गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया। इससे पूर्व रांची के एक अस्पताल में बकाया राशि के कारण शव रोके जाने का मामला भी सामने आया था। जिसके बाद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समाज के लोगों के सहयोग से शव परिजनों को मिल सका था।

सर्व ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य को लेकर समाज आगे भी सहयोग करेगा। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की। ईश्वर दयाल पांडेय ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिया जायेगा। सरकारी सुविधाओं से भी परिवार को जोड़ा जायेगा।

मौके पर सर्व ब्राह्मण समाज टंडवा के मुख्य संरक्षक सह वरिष्ठ भाजपा नेता अक्षयवट पांडेय, संरक्षक सह झारखंड आंदोलनकारी नेता कामेश्वर पांडेय, संरक्षक सह टंडवा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडेय, संरक्षक सह टंडवा प्रखंड विधायक प्रतिनिधि गोविन्द तिवारी, संरक्षक सह समाजसेवी अरविन्द कुमार पांडेय, अध्यक्ष उपेन्द्र पांडेय, ग्राम राहम कमेटी अध्यक्ष सह समाजसेवी अजीत पांडेय, संरक्षक सह सैनिक प्रकोष्ठ चतरा जिला संयोजक मिथलेश पांडेय, सह सचिव सुमन भारतीय, कोषाध्यक्ष धनंजय कुमार चौबे एवं कार्यकारिणी सदस्य धनंजय पांडेय उपस्थित थे।

इसके अलावा समाजसेवी अखिलेशपति किशोर उपाध्याय, शंकर उपाध्याय, अजय उपाध्याय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी