home page

हिमांशु सिंह हत्याकांड की हो उच्चस्तरीय जांच, दोषियों को मिले कड़ी सजा : संजय सेठ

 | 
हिमांशु सिंह हत्याकांड की हो उच्चस्तरीय जांच, दोषियों को मिले कड़ी सजा : संजय सेठ


रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जमशेदपुर में होटल के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त करते हुए मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में हुई यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और यदि समय पर प्रभावी कार्रवाई होती तो संभवतः इस दुखद घटना को रोका जा सकता था।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में संजय सेठ ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे और लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।

संजय सेठ ने यह भी कहा कि इस घटना की आड़ में किसी भी निर्दोष व्यक्ति को फंसाने या प्रताड़ित करने का प्रयास नहीं होना चाहिए। न्याय का मूल सिद्धांत यही है कि दोषियों को दंड मिले, लेकिन किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो। यदि ऐसा होता है तो इससे समाज, विशेषकर व्यापारिक समुदाय का कानून-व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा।

संजय सेठ ने राज्य सरकार से मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, जिन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह घटना हुई, उनकी भूमिका और संभावित लापरवाही की भी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने दिवंगत हिमांशु सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी देकर परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

संजय सेठ ने कहा कि कानून का शासन तभी स्थापित होगा, जब अपराधियों को कठोर दंड मिलेगा, लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे