home page

रक्षा राज्य मंत्री ने 8 ‘नमो जीवन रक्षक’ बाइक एम्बुलेंस का किया लोकार्पण

 | 
रक्षा राज्य मंत्री ने 8 ‘नमो जीवन रक्षक’ बाइक एम्बुलेंस का किया लोकार्पण


रक्षा राज्य मंत्री ने 8 ‘नमो जीवन रक्षक’ बाइक एम्बुलेंस का किया लोकार्पण


रक्षा राज्य मंत्री ने 8 ‘नमो जीवन रक्षक’ बाइक एम्बुलेंस का किया लोकार्पण


-रांची की संकरी गलियों में भी पहुंचेगी चिकित्सा सहायता-रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सदर अस्पताल में किया लोकार्पण- सात बाइक एम्बुलेंस सदर अस्पताल और एक सेवा सदन को मिलेगी

रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से रांची को आठ नमो जीवन रक्षक ‘रक्षित’ बाइक एम्बुलेंस मिली है। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने शनिवार को सदर अस्पताल परिसर में इन बाइक एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। इनमें से सात सदर अस्पताल और एक सेवा सदन को प्रदान की जाएगी। हालांकि, आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही इन्हें आम लोगों की सेवा में उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि आपातकाल में समय पर मिलने वाली चिकित्सा सहायता जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाती है। रांची की संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और दूरदराज के क्षेत्रों में त्वरित चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से इन बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि संकल्प है कि जरूरत के समय किसी भी नागरिक को चिकित्सा सहायता मिलने में अनावश्यक देरी न हो।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की ओर से विकसित और पेटेंट प्राप्त स्वदेशी तकनीक से लैस ‘रक्षित’ बाइक एम्बुलेंस को खास तौर पर ऐसे स्थानों तक पहुंचने के लिए तैयार किया गया है, जहां पारंपरिक एम्बुलेंस को पहुंचने में कठिनाई होती है। इसकी विशेष ‘पेशेंट-ऑन-बाइक’ व्यवस्था आपातकालीन स्थिति में मरीज को सुरक्षित तरीके से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और उसके परिवहन में मददगार होगी।

‘रक्षित’ बाइक एम्बुलेंस में मरीज की स्थिति पर नजर रखने और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए कई सुविधाएं दी गई हैं। इसमें मल्टी-पैरामीटर पेशेंट मॉनिटर के जरिए एसपीओटू, हृदय गति, तापमान और ईसीजी की निगरानी की जा सकती है। इसके अलावा आपात स्थिति में ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी है।

बाइक एम्बुलेंस में प्राथमिक उपचार किट, चोटिल अंगों को स्थिर रखने के लिए एयर स्प्लिंट और चिकित्सकीय निर्देशानुसार नसों के माध्यम से तरल पदार्थ देने के लिए आईवी फ्लूइड की सुविधा भी उपलब्ध है। ये उपकरण मरीज की स्थिति पर नजर रखने और अस्पताल पहुंचने से पहले आवश्यक चिकित्सा सहायता देने में उपयोगी होंगे।

कार्यक्रम में रांची की महापौर रोशनी खलखो, सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू और उपमहापौर नीरज कुमार उपस्थित रहे।

इसके अलावा शहर के व्यवसायी पुनीत पोद्दार, न्यूरो चिकित्सक डॉ. संजय कुमार, पंकज पोद्दार, अरुण छावरछरिया, मीनू मोदी, योगेश गंभीर, ऐश्वर्य सेठ, जवाहर तनेजा, कुणाल अजमानी और प्रशांत अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे