रांची नगर निगम के सफाई कर्मी 25 सितंबर को श्रम भवन का करेंगे घेराव
रांची, 22 सितंबर (हि.स.)। झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के बैनर तले रांची नगर निगम के सफाई कर्मी, चालक, हेल्पर और खलासी विभिन्न मांगों को लेकर 25 सितंबर को डोरंडा स्थित श्रम भवन में प्रदर्शन और घेराव करेंगे। यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
भवन सिंह ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग की उदासीनता और श्रम कानूनों को लागू कराने में लापरवाही के कारण मजदूरों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बोनस भुगतान, अप्रैल माह में बढ़े महंगाई भत्ते के एरियर के भुगतान की तिथि तय करने तथा ए टू जेड के दिसंबर 2013 के एक माह के बकाया वेतन के भुगतान की मांग लंबे समय से की जा रही है।
यूनियन ने असंगठित और आउटसोर्स मजदूरों के लिए बाध्यकारी छुट्टी लागू करने तथा मजदूरों को 18 हजार रुपये उचित मजदूरी देने की भी मांग की है। इसके अलावा प्रसूति या बीमारी के कारण काम से हटाए गए मजदूरों को दोबारा काम पर रखने और 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके मजदूरों के स्थायीकरण की मांग उठाई गई है।
भवन सिंह ने कहा कि इन मांगों को लेकर श्रमायुक्त को तीन बार पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने श्रमायुक्त से अपने स्तर पर वार्ता की तिथि निर्धारित कर मजदूरों की समस्याओं का समाधान कराने तथा संबंधित श्रम कानूनों को लागू कराने की कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने रांची नगर निगम के सभी मजदूरों से 25 सितंबर को होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

