home page

वेतन और ईपीएफ भुगतान को लेकर सफाई कर्मियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 | 
वेतन और ईपीएफ भुगतान को लेकर सफाई कर्मियों ने दी आंदोलन की चेतावनी


देवघर, 28 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लॉयीज फेडरेशन की बैठक मंगलवार काे डिपो परिसर में फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में नगर निगम कर्मियों के वेतन, ईपीएफ भुगतान और केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित मजदूरी दर लागू करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

फेडरेशन अध्यक्ष संजय मंडल ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन ने कर्मचारियों के साथ हुए समझौते के बावजूद अपने वादों का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार से मुलाकात के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि कर्मचारियों की मांगों पर अब तक कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि निगम प्रशासन कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रहा है।

बैठक में कर्मचारियों ने मांग की कि केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित मजदूरी दर लागू की जाए और समय पर वेतन और ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। फेडरेशन का कहना है कि समय पर उपस्थिति नहीं होने पर कर्मचारियों का वेतन काट लिया जाता है, लेकिन दूसरी ओर वेतन और ईपीएफ का भुगतान समय पर नहीं किया जाता, जिससे कर्मियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में यह भी बताया गया कि इस मामले की शिकायत श्रम विभाग से की गई है। फेडरेशन ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन की कार्यशैली कर्मचारियों को हड़ताल और आंदोलन के लिए विवश कर रही है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के पांच प्रतिनिधि नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराएंगे। यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन ने कड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

बैठक में सुनील राम, प्रदीप राम, बिरजू राम, सुनील माहो, संदीप राम, चंदन राम सहित अन्य दर्जनों कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy