ट्रस्ट ने कस्तूरबा गांधी की छात्राओं को सम्मानित किया
रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)। कस्तूरबा गांधी विद्यालय कांके की छात्राओं के राष्ट्रीय स्तर पर चयन को लेकर समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही नो योर लीडर पार्टिसिपेशन ऑफ यूथ ऑफ अवर कंट्री आयोजन के लिए चयनित छात्राओं संदीपा कुमारी बेदिया, निकिता कुमारी, खुशी लिंडा और राधिका कुमारी को शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य ट्रस्टी आनंद केडिया ने बताया कि बीते 14 अप्रैल को संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संदीपा कुमारी बेदिया के भाषण की काफी सराहना हुई। उनके प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण से प्रभावित होकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी प्रशंसा की थी।
मौके पर विद्यालय की शिक्षिकाएं रेशमा परवीन, अंजली गांगुली, दिव्या कुमारी एवं मर्सी मंजुला बिलुंग को भी छात्राओं के मार्गदर्शन के लिए सराहा गया। पवन ने कहा कि मेहनत, लगन और सही दिशा-निर्देशन से छात्राएं नई ऊंचाइयों को हासिल कर रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया, स्मिता केडिया, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, मां शारदे संगीत संस्थान के अजय कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

