home page

रांची नगर निगम पहली बार अगस्त से मनाएगा सखुआ महोत्सव

 | 
रांची नगर निगम पहली बार अगस्त से मनाएगा सखुआ महोत्सव


रांची, 27 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम रांची के महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि रांची नगर निगम पर्यावरण संरक्षण और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार सखुआ महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। अगस्त माह से शुरू होने वाला यह अभियान कई महीनों तक चलेगा, जिसके तहत नगर निगम क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सखुआ (साल) के पौधों का रोपण और संरक्षण किया जाएगा।

महापौर ने सोमवार को महोत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम सभागार में कई सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक किया। मौके पर महापौर ने बताया कि अभियान का शुभारंभ चुटिया स्थित ऐतिहासिक इक्कीसो महादेव मंदिर परिसर से होगा, जिसके बाद विभिन्न वार्डों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक परिसरों में चरणबद्ध तरीके से सखुआ के पौधे लगाए जाएंगे। महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रत्येक पौधे के चारों ओर गेबियन संरचना लगाई जाएगी और नियमित निगरानी की जाएगी। मौके पर उपमहापौर नीरज कुमार ने इसे स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण के लिए जनभागीदारी आधारित अभियान बताते हुए सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और युवा समूहों से पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

बैठक में पौधारोपण स्थलों के चयन, वार्डवार अभियान, पौधों के संरक्षण, जनजागरूकता और नागरिकों की भागीदारी पर विस्तृत चर्चा हुई। हर पौधे की सुरक्षा के लिए होगी विशेष व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।

बैठक में नगर निगम के महापौर रौशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार सहित बडी संख्या में सामाजिक संगठन के लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar