सदर अस्पताल में पसरी गंदगी से मरीज परेशान, कई दिनों से नहीं उठा कचरा
देवघर, 14 मई (हि.स.)। देवघर में सदर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इन दिनों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और कूड़े के अंबार से उठ रही दुर्गंध ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल पहुंचते ही उन्हें गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है। अस्पताल परिसर के बाहर बने पार्किंग स्टैंड के पास देवघर नगर निगम के कुडे के डब्बों में और उसके आसपास पिछले कई दिनों से कूड़ा जमा है। समय पर कचरा उठाव नहीं होने के कारण वहां से तेज दुर्गंध फैल रही है। अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि इस बदहाल व्यवस्था से स्वस्थ व्यक्ति भी बीमार पड़ सकता है।
वहीं, मरीजों और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि नियमित रूप से कचरा उठाव होता तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने बताया कि अस्पताल के मुख्य गेट के पास फैली गंदगी से अस्पताल की छवि भी खराब हो रही है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल के अंदर की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। खासकर मेटरनिटी वार्ड में पर्याप्त बेड की व्यवस्था नहीं है और आसपास साफ-सफाई की भी कमी है। वहीं, मामले को लेकर सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ सुषमा वर्मा ने माना कि गंदगी के कारण मरीजों और अस्पताल प्रबंधन दोनों को परेशानी हो रही है। उन्होंने इसके लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रतिदिन कचरा उठाव नहीं होने से स्थिति खराब हुई है।
डॉ सुषमा वर्मा ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम से संपर्क किया गया है और जल्द कचरा हटाने का आश्वासन मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

