home page

निजी विद्यालयों में मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें : उपायुक्त

 | 
निजी विद्यालयों में मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें : उपायुक्त


चतरा, 31 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 के तहत निजी विद्यालयों की मान्यता से संबंधित जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में ऑनलाइन प्राप्त मान्यता आवेदनों और स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जिले के 10 निजी विद्यालयों के मामलों की समीक्षा की गई। जिन विद्यालयों में निर्धारित मानकों और आधारभूत सुविधाओं की कमी पाई गई उन्हें एक माह के भीतर सभी कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद पुनः समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। बैठक में आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश कक्षा में कमजोर और वंचित वर्ग के 25 प्रतिशत बच्चों के नामांकन को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

उपायुक्त ने कहा कि निजी विद्यालयों में नियमों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विद्यालयों को विभागीय दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए सभी वैधानिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में विधायक जनार्दन पासवान, सांसद प्रतिनिधि प्रफुल्ल रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार और जिला कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी