home page

स्वयंसेवकों का पथ संचलन देख लोग हुए मंत्रमुग्ध, पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

 | 
स्वयंसेवकों का पथ संचलन देख लोग हुए मंत्रमुग्ध, पुष्पवर्षा कर किया स्वागत


स्वयंसेवकों का पथ संचलन देख लोग हुए मंत्रमुग्ध, पुष्पवर्षा कर किया स्वागत


पूर्वी सिंहभूम, 05 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झारखंड प्रांत की ओर से आयोजित संघ शिक्षा वर्ग में प्रशिक्षण ले रहे स्वयंसेवकों ने शुक्रवार की शाम कदम-से-कदम मिलाते हुए पथ संचलन (रूट मार्च) किया। घोष की थाप पर अनुशासित पंक्तियों में पथ संचलन देख लोग मंत्रमुग्ध दिखे।

इस संचलन में संघ शिक्षा वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 302 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। पथ संचलन के लिए स्वयंसेवक मानगो स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में एकत्रित हुए। गणवेश परीक्षण के बाद ध्वजारोहण किया गया तथा भारत माता के वंदना स्वरूप संघ प्रार्थना संपन्न हुई।

इसके पश्चात घोष दल के साथ अनुशासित पंक्तियों में पथ संचलन प्रारंभ हुआ। संचलन ट्रांसपोर्ट नगर से प्रारंभ होकर राजस्थान भवन तक गया तथा निर्धारित मार्ग से पुनः ट्रांसपोर्ट नगर लौटकर संपन्न हुआ। संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकात्मता एवं राष्ट्रसेवा की भावना का प्रेरणादायी प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से उपस्थित लोगों ने स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। संचलन के प्रति नागरिकों में विशेष उत्साह एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

झारखंड प्रांत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रचार प्रमुख विजय कुमार ने लोगों की ओर से किए गए स्वागत एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि संघ शिक्षा वर्ग के माध्यम से स्वयंसेवकों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, संगठन क्षमता एवं सेवा भाव का विकास किया जाता है। इस वर्ग का समापन आगामी 10 जून को होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे