आरएसएस का मूल कार्य शाखा के माध्यम से 'व्यक्ति निर्माण' करना है: संजय कुमार
रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), रांची महानगर की ओर से अरगोड़ा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय घोष (वाद्य) शिविर का रविवार को समापन हुआ।
इस शिविर में 110 बाल एवं तरुण घोष वादकों ने सहभागिता कर अपनी संगीत कला और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत कार्यवाह संजय कुमार ने संघ की 101 वर्षों की यात्रा और 1926 में घोष के प्रारंभ होने के इतिहास पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आरएसएस का मूल कार्य शाखा के माध्यम से 'व्यक्ति निर्माण' करना है। स्वयंसेवक बिना किसी भेदभाव के, स्वयं की प्रेरणा और स्वयं के धन से समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं।
उन्होंने शताब्दी वर्ष के निमित्त समाज के समक्ष रखे गए 'पंच प्रण' स्व-आधारित जीवन (स्वबोध), कुटुंब प्रबोधन (शिक्षा के साथ संस्कार), सामाजिक समरसता (छठ महापर्व का उदाहरण देते हुए भेदभाव मुक्त समाज), पर्यावरण संरक्षण (सिंगल यूज प्लास्टिक त्याग, वृक्ष संरक्षण व जल बचाव) और नागरिक कर्तव्य को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि झारखंड में लगभग 27 लाख घरों और 01 लाख से अधिक युवाओं तक इन विचारों को पहुंचाया गया है।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अमन नारायण (सेवानिवृत्त) ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा, अनुशासन, संगठन और समर्पण किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्राचीन भारतीय युद्ध भूमि से लेकर आधुनिक सैन्य परंपरा तक संगीत का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि एक बैंड हमें जीवन के तीन प्रमुख सबक सिखाता है अनुशासन, टीम वर्क और सामूहिक उद्देश्य, जो सेना और संघ दोनों की कार्यप्रणाली में समान रूप से दिखते हैं।
विशिष्ट अतिथि कर्नल एस. के. सिन्हा (सेवानिवृत्त) ने आपदा प्रबंधन और समाज सेवा में संघ की निस्वार्थ भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संघ की कार्यशैली भारतीय सेना के समान अनुशासित और समर्पित है।
उन्होंने बिना किसी बाहरी चंदे के, स्वयं के योगदान से ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की परंपरा को अत्यंत सराहनीय बताया और युवाओं से कानून का पालन करने तथा देश के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि झारखंड रत्न मनपूरन नायक ने सामाजिक समरसता पर बल देते हुए कहा कि समरस समाज ही समृद्ध समाज का निर्माण कर सकता है। उन्होंने अपने स्वरचित गीत मनवा रे के माध्यम से एकता और समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर उत्तर पूर्व क्षेत्र के माननीय क्षेत्र संघचालक देवव्रत पाहन, क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, झारखंड प्रांत के प्रांत संघचालक अशोक श्रीवास्तव, झारखंड प्रांत के प्रांत प्रचारक गोपाल, विभाग प्रचारक मंटू, रांची महानगर प्रचारक विशाल, महानगर कार्यवाह दीपक पांडेय राष्ट्र सेविका समिति की विभाग प्रचारिका अदिति राठौर एवं अन्य अधिकारी, महापौर रौशनी खलखो, विधायक नवीन जायसवाल, राकेश लाल, अखिलेश्वर मिश्र, राजू शर्मा, मनोज भारद्वाज (विद्याभारती), भानु जालान, फाल्गुनी मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और समाज के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

