home page

पेड़ मानव जीवन और आनेवाली पीढ़ियों के अस्तित्व का आधार : आईजी

 | 
पेड़ मानव जीवन और आनेवाली पीढ़ियों के अस्तित्व का आधार : आईजी


रांची, 16 सितंबर (हि.स.)।

पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से रोटरी के मिशन एक लाख पौधारोपण अभियान के तहत बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप केंद्र, सेम्बो रांची परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान परिसर में फलदार, फूलदार और औषधीय प्रजातियों के 500 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रुप केंद्र रांची के उप महानिरीक्षक सुनील कुमार ने किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह ने पौधारोपण किया। साकेत कुमार सिंह ने कहा कि पेड़ मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व का आधार हैं।

वृक्ष स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम आह्वान से प्रेरणा लेते हुए लोगों से अपनी मां और प्रकृति के सम्मान में पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।

रोटरी क्लब के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीआरपीएफ के साथ आयोजित यह कार्यक्रम हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी सीआरपीएफ के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य करेगा।

कार्यक्रम में झारखंड सेक्टर मुख्यालय के डीआईजी अजय मिश्रा, सेवानिवृत्त डीआईजी डीएन लाल, डीआईजी केके पांडेय, डीआईजी पी कुजूर और कंपोजिट अस्पताल रांची की डीआईजी (चिकित्सा) डॉ शैल बाल सोरेंग सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar