home page

बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों को रोटरी क्लब ऑफ रांची ने दी जर्सी और खेल सामग्री

 | 
बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों को रोटरी क्लब ऑफ रांची ने दी जर्सी और खेल सामग्री


रांची, 07 जून (हि.स.)। रोटरी क्लब ऑफ रांची ने रविवार को ओरमांझी स्थित सचिन तेंदुलकर युवा फाउंडेशन की बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने खिलाड़ियों के साथ समय बिताया, उनके अनुभवों को सुना और विभिन्न खेल गतिविधियों में भी भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को फुटबॉल, शिन गार्ड, मोजे, पानी की बोतलें और खेल शॉर्ट्स वितरित किए गए। इसके अलावा फ्रांस के रोटरी क्लब कॉसाद मिडी क्वेर्सी से प्राप्त 700 जर्सियां भी युवा फाउंडेशन को सौंपी गईं, जिससे बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर उपस्थित कई बालिका खिलाड़ी ऐसी थीं, जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है। खिलाड़ियों ने अपने संघर्ष, उपलब्धियों और खेल यात्रा से जुड़े अनुभव साझा किए। उनकी प्रेरणादायक कहानियों ने कार्यक्रम में मौजूद रोटेरियनों को भावुक और उत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान शिखा गुप्ता ने खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और सामाजिक शिष्टाचार विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में खिलाड़ियों को खेल जीवन के साथ-साथ व्यक्तिगत विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। खिलाड़ियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल खेल सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि इन प्रतिभाशाली बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण भी युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने घोषणा की कि युवा फाउंडेशन की चयनित बालिकाओं को विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। इसके तहत दो से तीन बालिकाओं को रांची के एक प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल में कुकिंग और हॉस्पिटैलिटी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं दो से तीन खिलाड़ियों को पेशेवर कार ड्राइविंग प्रशिक्षण तथा अन्य दो से तीन बालिकाओं को आर्ट एंड क्राफ्ट का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा।

अमित अग्रवाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है, ताकि वे खेल के साथ-साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित और आत्मनिर्भर बना सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के प्रयास खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाएंगे और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करेंगे।

युवा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों ने रोटरी क्लब ऑफ रांची के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल सामग्री और प्रशिक्षण की यह पहल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उनके भविष्य को नई दिशा देने में सहायक साबित होगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शालिनी सिंघानिया, अनुराग, मनीष सिंह, सुधीर मिश्रा, जसदीप सिंह, गिरीश अग्रवाल, शिखा गुप्ता, श्वेता अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल सहित रोटरी क्लब के सदस्यों और बच्चों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे