रोटरी क्लब और बहावलपुरी पंजाबी समाज का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 14 को
रांची, 13 जून (हि.स.)। रोटरी क्लब ऑफ रांची, बहावलपुरी पंजाबी समाज और बहावलपुरी पंजाबी समाज महिला समिति के सहयोग से रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श, दवा वितरण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन गुरु नानक भवन में किया जाएगा।
यह शिविर गुरु नानक भवन, श्री कृष्ण नगर कॉलोनी, रातु रोड, रांची में आयोजित होगा।
शिविर में रांची के और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से विभिन्न रोगों के लिए निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। इसमें स्त्री रोग, मेडिसिन एवं कार्डियोलॉजी, डायबिटीज, शल्य चिकित्सा, दंत रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), नेत्र रोग, शिशु रोग, मूत्र एवं गुर्दा रोग, कैंसर रोग सहित अन्य विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
बहावलपुरी पंजाबी समाज के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शिविर के दौरान आम नागरिकों के लिए ईसीजी, ब्लड शुगर जांच, ब्लड ग्रुप जांच, निःशुल्क दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड शिविर के साथ-साथ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र दिया जाएगा और उन्हें समाज सेवा के इस महायज्ञ में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। शिविर को राज हॉस्पिटल और विवेकानंद हॉस्पिटल का सहयोग प्राप्त है।
रोटरी क्लब ऑफ रांची के सदस्य और बहावलपुरी पंजाबी समाज के मुख्य संरक्षक डॉ सतीश और संस्था के सचिव मुकेश बजाज ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए रक्तदान शिविर में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

