मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने की शिष्टाचार भेंट, बजट की प्रति सौंपी
रांची, 09 मार्च (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सोमवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में सड़क अवसंरचना के विकास और विभाग की आगामी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान प्रधान सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री को पथ निर्माण विभाग के आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की प्रति भेंट की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान विभाग द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।
प्रधान सचिव ने मुख्यमंत्री को बताया कि विभाग द्वारा राज्य में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने तथा प्रमुख मार्गों के उन्नयन के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के लिए भी विभाग ने सड़क निर्माण, पुल-पुलियों के निर्माण और महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण से जुड़ी कई नई योजनाओं की रूपरेखा तैयार की है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विभागीय कार्यों की जानकारी लेते हुए राज्य में सड़क अवसंरचना को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था राज्य के आर्थिक विकास और आम लोगों की सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने विभाग को समयबद्ध तरीके से योजनाओं को लागू करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा आगामी वित्तीय वर्ष में सड़क विकास परियोजनाओं को गति देने पर सहमति व्यक्त की गई।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

