एनएच-22 पर बस और कार की टक्कर में तीन गंभीर
चतरा, 31 जुलाई (हि.स.)। एनएच 22 चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर सेरेगड़ा-संघरी घाटी घाटी में यात्री बस और टाटा नेक्सॉन कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बिहार के गया से चतरा आ रही सिंहवाहिनी यात्री बस की हंटरगंज से चतरा आ रही टाटा नेक्सॉन कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घायल कार सवार अमित सिंह ने बताया कि वे हंटरगंज से चतरा आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही यात्री बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि कार के एयरबैग खुल जाने से सभी सवारों की जान बच गई और बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले आई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

