home page

कोयला वाहन की चपेट में युवक की मौत, 24 घंटे से चतरा-सिमरिया मुख्य पथ जाम

 | 
कोयला वाहन की चपेट में युवक की मौत, 24 घंटे से चतरा-सिमरिया मुख्य पथ जाम


चतरा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। चतरा सदर थाना क्षेत्र के सीमा चौक के समीप कोयला वाहन की चपेट में आने से अरविंद सिंह (35) की मौत हो गई। ग्रामीणों ने घायल अरविंद सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना में मुखिया प्रतिनिधि और भारत भद्रकाली गैस के संचालक रामरतन सिंह सहित अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों का इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है। तीनों बाइक से घर जा रहे थे। इसी बीच कोल वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मुआवजे और रोजगार सहित अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों ने चतरा-सिमरिया मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक करीब 24 घंटे से सड़क जाम है।

मृतक के परिजन और ग्रामीण 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अरविंद सिंह की मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा उपलब्ध कराने और एक आश्रित को रोजगार देने की मांग की है। मांग पूरी होने तक सड़क जाम जारी रखने की बात ग्रामीणों ने कही है।

सड़क जाम और ग्रामीणों के आंदोलन की सूचना मिलने के बाद सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया विधानसभा प्रत्याशी झामुमो नेता मनोज चंद्रा मौके पर पहुंचे। दोनों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उनकी मांगों को सुना।

वहीं लंबे समय से सड़क जाम रहने के कारण आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने और जाम समाप्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी