home page

छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति कर रहे बाबूलाल मरांडी : ऋषीकेश सिंह

 | 
छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति कर रहे बाबूलाल मरांडी : ऋषीकेश सिंह


रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वह छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि छात्रों के भविष्य और उनके आंदोलन को राजनीतिक स्वार्थ का हथियार बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ किसी भी तरह की हिंसा या दुर्व्यवहार का विरोध करती है। घटना में दोषी कोई भी हो, उसकी निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक बयानबाजी कर माहौल को बिगाड़ना भी उचित नहीं है।

कांग्से के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि छात्रों का आंदोलन उनके अधिकारों और भविष्य से जुड़ी लड़ाई है, इसे किसी राजनीतिक दल के हित साधने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक प्रयोगशाला के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है।

ऋषीकेश सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ कोचिंग संचालक और तथाकथित कोचिंग माफिया छात्रों को भड़काकर भाजपा के राजनीतिक एजेंडे को हवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और छात्रों के हितों की आड़ में राजनीति करने वाले ऐसे लोग वास्तव में छात्रों के हितैषी नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ के लिए उनके भविष्य का इस्तेमाल करने वाले लोग हैं।

कांग्रेस नेता ने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक दल अथवा कोचिंग संस्थान के बहकावे में न आएं और अपने भविष्य से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को किसी की राजनीतिक महत्वाकांक्षा का हथियार नहीं बनने दिया जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि छात्रों से जुड़े किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुरूप कार्रवाई ही उचित रास्ता है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय सभी पक्षों को छात्रों के हित और उनके भविष्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak