विधानसभा समिति ने की रामगढ़ में संचालित योजनाओं की समीक्षा
रामगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले के सरकारी उपक्रमों की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति परखने के लिए झारखंड विधानसभा की सरकारी उपक्रम समिति बुधवार को रामगढ़ पहुंची। समिति के सभापति निरल पूर्ति ने सर्किट हाउस में जिला स्तरीय पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी उपक्रमों, संस्थानों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
समिति ने सरकारी उपक्रमों के कामकाज, वित्तीय स्थिति, मानव संसाधन और कर्मचारियों व श्रमिकों से जुड़े मामलों की जानकारी ली। वेतन एवं मजदूरी भुगतान, लंबित देय राशि, सेवा संबंधी मामलों और कार्यबल की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। समिति ने अधिकारियों को कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े वैधानिक और सेवा संबंधी मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सरकारी उपक्रमों की आय-व्यय, राजस्व संग्रहण, लंबित देनदारियों और अन्य वित्तीय दायित्वों की समीक्षा की गई। समिति ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया। परिसंपत्तियों के संरक्षण एवं प्रभावी उपयोग तथा आधारभूत सुविधाओं की जरूरतों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
समिति ने जिले में चल रही विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। अधिकारियों से पूर्ण और लंबित योजनाओं की स्थिति, देरी के कारण तथा प्रशासनिक एवं तकनीकी अड़चनों की जानकारी ली गई। समिति ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के लिए नियमित अनुश्रवण किया जाए।
समिति के सभापति निरल पूर्ति ने सरकारी उपक्रमों और विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ योजनाओं एवं परियोजनाओं की नियमित समीक्षा पर जोर दिया।
समिति के सभापति ने कहा कि सरकारी उपक्रमों और संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए जनहित में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े मामलों, वित्तीय दायित्वों और विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक में समिति के सदस्य जगत मांझी सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

