home page

रांची में पेंशन दरबार सह विदाई समारोह, सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया गया सम्मानित

 | 
रांची में पेंशन दरबार सह विदाई समारोह, सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया गया सम्मानित


रांची, 01 अप्रैल (हि.स.)। रांची जिला प्रशासन की ओर से समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पेंशन दरबार सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने 10 सेवानिवृत्त शिक्षकों और एक कर्मी को उनके लंबे एवं समर्पित सेवा काल के लिए सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रंजीत मोहन, मरसी किरण पास्कली लकड़ा, संतोष कुमार महतो, रविन्द्र नाथ राय, करीम आलम, खुर्शीद अनवर, नील कमल महतो, भानु प्रताप यादव, हेन्डरी बागे, राधा लकड़ा और गोपाल तिवारी शामिल रहे। सभी को स्मृति चिह्न, शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर विदाई दी गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता होते हैं और उनके योगदान से ही एक सशक्त पीढ़ी का निर्माण संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशनरी लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उपायुक्त ने सेवानिवृत्त शिक्षकों से अपील की कि वे अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग करते हुए समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2024 में काउंसलिंग पूरी कर चुके जगदीश्वर प्रमाणिक को सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उप समाहर्ता विवेक सुमन, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar