home page

नगर निगम की किराया वसूली पर किरायेदार संघ ने जताया विरोध

 | 
नगर निगम की किराया वसूली पर किरायेदार संघ ने जताया विरोध


रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। रांची नगर निगम की किराया वसूली और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पर रांची नगर निगम किरायेदार संघ ने सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया है। संघ के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने बुधवार को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कथित रूप से गलत तरीके से जारी किए गए सभी नोटिस तत्काल निरस्त करने की मांग की।

मुकेश अग्रवाल ने बताया कि अपर बाजार सहित नगर निगम क्षेत्र के करीब 125 दुकानदारों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 तक का पूरा किराया अग्रिम रूप से जमा कर दिया है। किसी तरह का बकाया नहीं है। इसके बावजूद निगम के राजस्व विभाग की ओर से रिकॉर्ड का उचित सत्यापन किए बिना दुकानदारों को बकाया किराया जमा करने संबंधी नोटिस जारी कर दिया गया।

संघ का आरोप है कि बिना भुगतान रिकॉर्ड का मिलान किए थोक में नोटिस जारी किए जाने से नियमित रूप से किराया जमा करने वाले व्यापारियों में नाराजगी है। अध्यक्ष ने नगर आयुक्त से मांग की कि सभी नोटिस की जांच कर गलत पाए जाने वाले नोटिस तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। भुगतान करने वाले व्यापारियों को गलत बकाया नोटिस भेजने के बजाय पहले निगम के रिकॉर्ड को दुरुस्त किया जाना चाहिए।

संघ ने निगम के डेटाबेस और राजस्व रिकॉर्ड का दुकानदारों की ओर से जमा की गई भुगतान रसीदों से मिलान कराने की भी मांग की है। साथ ही नियमित किराया भुगतान करने वाले व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी से बचाने और बिना सत्यापन नोटिस जारी करने वाले संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar