home page

झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार सह सचिव बदले, रंजीत कुमार चौधरी को मिला प्रभार

 | 
झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार सह सचिव बदले, रंजीत कुमार चौधरी को मिला प्रभार


रांची, 17 अगस्त (हि.स.)।

झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल, बरियातू, रांची के रजिस्ट्रार सह सचिव के पद पर प्रशासनिक बदलाव किया है।

सोमवार को विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत वर्तमान रजिस्ट्रार सह सचिव प्रशांत कुमार पाण्डेय के स्थान पर रंजीत कुमार चौधरी को औपबंधिक प्रभार सौंपा गया है। स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव के हस्ताक्षर से जारी कार्यालय आदेश 17 अगस्त 2026 को प्रभावी किया गया है।

विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि रंजीत कुमार चौधरी वर्तमान में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में सहायक निदेशक (औषधि)-I के पद पर कार्यरत हैं। विभाग ने उन्हें झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार सह सचिव का औपबंधिक प्रभार प्रदान किया है।

विभागीय कार्यालय आदेश के अनुसार, प्रशांत कुमार पाण्डेय को 14 अक्टूबर 2024 के विभागीय कार्यालय आदेश के माध्यम से झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार सह सचिव का औपबंधिक प्रभार दिया गया था। इसके बाद तीन जुलाई 2026 को काउंसिल के अध्यक्ष को पत्र भेजकर पाण्डेय के स्थान पर अन्य नामों की अनुशंसा करने को कहा गया था। निर्धारित समयावधि बीत जाने के बावजूद इस संबंध में जवाब प्राप्त नहीं हुआ।

आदेश में पाण्डेय के विरुद्ध कई परिवाद पत्र प्राप्त होने का भी उल्लेख किया गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था के तहत रंजीत कुमार चौधरी को रजिस्ट्रार सह सचिव का औपबंधिक प्रभार देने का निर्णय लिया है। प्रस्ताव को विभागीय मंत्री का अनुमोदन भी प्राप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar