home page

जेपीएससी भर्ती सुधार यात्रा पहुंची पाकुड़ और साहिबगंज, पारदर्शी भर्ती की उठी मांग

 | 
जेपीएससी भर्ती सुधार यात्रा पहुंची पाकुड़ और साहिबगंज, पारदर्शी भर्ती की उठी मांग


साहेबगंज, 29 अगस्त (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली एवं अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। इसी क्रम में चल रही जेपीएससी भर्ती सुधार यात्रा के छठे दिन शनिवार को पाकुड़ और साहिबगंज पहुंची। यात्रा के दौरान छात्रों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।

यात्रा की शुरुआत पाकुड़ में सिदो-कान्हू और चांद-भैरव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनकी वीर गाथाओं को याद करने के साथ हुई। कड़ी धूप के बावजूद छात्रों में उत्साह और जोश बना रहा। इसके बाद यात्रा साहिबगंज जिले में पहुंची, जहां बरहरवा चौक पर छात्रों ने सरकार की भर्ती व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताते हुए सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि संथाल परगना की धरती आंदोलनकारियों की धरती रही है। छात्रों और युवाओं में भर्ती व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी है। सरकार को भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक सुधार कर पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर गंभीर पहल की मांग की। यात्रा का सातवां दिन रविवार को गोड्डा में होगा। उन्होंने बताया कि देर शाम यात्रा राजमहल पहुंची। यहां राजमहल चौक से स्टेशन चौक तक छात्रों और अभिभावकों ने पदयात्रा निकाली। झमाझम बारिश के बीच शहीदों के जयघोष के साथ छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में पदयात्रा जारी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar