चतरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
चतरा, 16 जुलाई (हि.स.)। भगवान श्री जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा गुरुवार को चतरा शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। पथलदास मंदिर परिसर से वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना के बाद रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन किए और रथ की रस्सी खींचकर अपने परिवार, समाज, जिले तथा देश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रथयात्रा में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भगवान के जयकारे लगाते हुए रथ के साथ चलते रहे। लोगों ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद अर्पित किया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया।
यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और धार्मिक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। रथयात्रा ने शहर में धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपरा का संदेश दिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

