बुजुर्ग ने किया विक्षिप्त नाबालिग से दुष्कर्म, गिरफ्तार
रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। रांची के हिंदपीढ़ी में एक बुजुर्ग पर मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने पेट दर्द की शिकायत अपने पैरेंट्स से की। परिजन उसे हॉस्पिटल ले जाकर जांच कराई गई, जिसमें वह आठ महीने की गर्भवती मिली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना करीब 7-8 महीने पहले की है। पीड़िता के माता-पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपित ने घर में घुस आया और नाबालिग को डरा-धमकाकर उसके साथ संबंध बनाए और मौके से फरार हो गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ दिनों पहले पीड़िता ने अपने परिजनों से पेट दर्द की शिकायत की। परिजन तुरंत उसे लेकर डॉक्टर के पास ले गए। जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि लड़की आठ महीने की गर्भवती है। परिजनों ने बिना देर किए महिला थाने में बेटी के बातों के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हिंदपीढ़ी थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में परिजनों का कहना है कि केस दर्ज होने के बाद से मामले को दबाने के लिए उन्हें पैसों का लालच दिया जा रहा है और साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

