रंजय भारती ने संभाला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार
रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती का पदभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा एवं अमर कुमार बाउरी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रंजय भारती का अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि संगठन में पद केवल प्रतिष्ठा का विषय नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी और दायित्व है। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष से नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सभी को साथ लेकर चलने का आग्रह किया।
सहाय ने कहा कि वर्ष 2029 के चुनाव को लक्ष्य बनाकर अनुसूचित जाति समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने मोर्चा के कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से अनुसूचित जाति समाज के लिए लागू योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि परिवार है। इसे मजबूत और सशक्त बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने रंजय भारती से आग्रह किया कि उनके नेतृत्व में मोर्चा समाज के हर परिवार के सुख-दुख में साथ खड़ा रहे। संगठन जब समाज के साथ खड़ा रहेगा, तभी समाज का विश्वास भी मजबूत होगा।
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास ने कहा कि उनके कार्यकाल में अनुसूचित जाति मोर्चा के संगठन का विस्तार गांव स्तर तक किया गया। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को हर कदम पर सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
मोर्चा को मजबूत करने में पूरी ऊर्जा लगाऊंगा : रंजय भारती
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती ने केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर बड़े दायित्व तक पहुंच सकता है। एक छोटे गांव से निकले कार्यकर्ता को पूरे राज्य में अनुसूचित जाति मोर्चा की जिम्मेदारी देना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मोर्चा को मजबूत करने में वह पूरी ऊर्जा लगाएंगे और संगठन को नई मजबूती देने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
रंजय भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए अनुसूचित जाति समाज के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों महू, लंदन, दिल्ली, नागपुर और मुंबई को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित किया गया है।
रंजय भारती ने कहा कि स्टैंड-अप इंडिया योजना के माध्यम से एससी-एसटी उद्यमियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं का दायरा भी बढ़ाया गया है।
भारती ने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद और विभिन्न मंचों पर स्पष्ट किया है कि एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी और आरक्षण पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने अनुसूचित जाति समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार जताया।
रंजय भारती ने कहा कि आगामी 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में झारखंड के अनुसूचित जाति समाज का प्रत्येक सदस्य भाजपा के पक्ष में मजबूती से खड़ा होगा।
समारोह में ब्रज मोहन राम, नीरज पासवान, भगत बाल्मीकि, राजेन्द्र पासवान, राकेश राम, रंजन पासवान, कमलेश दास, सूरज दास, विशाल बाल्मीकि, सीमा पासवान, शंकर रजक, संदीप कुमार, रंजीत विनोद, राम लगन, उपेंद्र रजक, सुरेंद्र राजवंशी, समीर बाउरी सहित अनुसूचित जाति मोर्चा और भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

