home page

सफाई मजदूरों की मांगों को लेकर 25 सितंबर को श्रमायुक्त कार्यालय का घेराव

 | 
सफाई मजदूरों की मांगों को लेकर 25 सितंबर को श्रमायुक्त कार्यालय का घेराव


रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। रांची नगर निगम के सफाई मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन 25 सितंबर को श्रमायुक्त कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन करेगा। यह निर्णय बुधवार को हटिया मजदूर यूनियन के धुर्वा सेक्टर-2 स्थित कार्यालय में अध्यक्ष भवन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक का संचालन प्रफुल्ल लिंडा ने किया।

यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह और महासचिव प्रकाश टोप्पो ने कहा कि मजदूर अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं। भवन सिंह ने बताया कि सफाई मजदूरों की मांगों को लेकर उप श्रमायुक्त, रांची की उपस्थिति में नगर निगम के पदाधिकारियों और यूनियन के बीच लिखित समझौता हुआ था। इसके बावजूद समझौते में शामिल अधिकांश मांगों को अब तक लागू नहीं किया गया है। इससे मजदूरों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि समझौते को लागू कराने के लिए 18 सितंबर को श्रमायुक्त के साथ वार्ता प्रस्तावित है।

यूनियन ने कहा कि यदि वार्ता विफल रहती है और मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं होती है तो 25 सितंबर को श्रमायुक्त कार्यालय का जोरदार घेराव और प्रदर्शन किया जाएगा।

यूनियन ने सफाई मजदूरों के लिए 18 हजार रुपये न्यूनतम मासिक वेतन लागू करने, राष्ट्रीय पर्वों पर अवकाश देने, वार्षिक अर्जित अवकाश और मातृत्व अवकाश की सुविधा लागू करने तथा दशहरा से पहले बोनस देने की मांग की है। इसके अलावा 10 वर्षों से कार्यरत मजदूरों को स्थायी करने और ए टू जेड कंपनी के समय वर्ष 2013 की बकाया मजदूरी का भुगतान करने की मांग भी उठाई गई है।

यूनियन नेताओं ने कहा कि मजदूरों की लंबित मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar