home page

रांची विवि की महिला हॉकी टीम ने अंतर विश्वविद्यालय महिला हॉकी चैंपियनशिप का जीता खिताब

 | 
रांची विवि की महिला हॉकी टीम ने अंतर विश्वविद्यालय महिला हॉकी चैंपियनशिप का जीता खिताब


रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब जीतकर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है।

फाइनल मुकाबले में शनिवार को रांची विश्वविद्यालय की टीम ने उत्कल क्षेत्र की प्रतिष्ठित केआईएसएस यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

इस ऐतिहासिक जीत की सबसे खास उपलब्धि टीम की खिलाड़ी प्रिणी कंडीर रहीं, जिन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीनों गोल दागे और टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

इस उपलब्धि पर रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम, सामूहिक भावना और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत केवल एक खिताब हासिल करना नहीं, बल्कि अपनी क्षमता, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति को साबित करना है। यह सफलता विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने टीम को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर निदेशक, छात्र कल्याण डॉ. स्मृति सिंह और निदेशक, खेल डॉ. अनिल बिरेंद्र कुल्लू ने भी पूरी टीम, कोच एवं मैनेजर को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak