home page

रांची विश्वविद्यालय सिंडिकेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी

 | 
रांची विश्वविद्यालय सिंडिकेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी


रांची, 20 मई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक बुधवार को कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा की अध्यक्षता में कुलपति सभागार में आयोजित की गई। कुलपति के रूप में प्रो. सरोज शर्मा के कार्यकाल की यह पहली सिंडिकेट बैठक थी, जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन और शैक्षणिक विकास से जुड़े लगभग 30 महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा की गई।

बैठक में कॉलेजों में प्रभारी प्राचार्यों की नियुक्ति, वित्त समिति के पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा, शिक्षकों की नियुक्ति एवं प्रोन्नति सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार कर निर्णय लिए गए।

सिंडिकेट ने 22 जुलाई 2025 को आयोजित पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि की। इसके साथ ही 16 सितंबर 2025 को सम्पन्न वित्त समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों को भी औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट अनुमोदन और विभिन्न वित्तीय मदों से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय विश्वविद्यालय में शिक्षा विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन) की स्थापना से जुड़ा रहा। सिंडिकेट ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में शोध गतिविधियों को बढ़ावा देना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा शिक्षा में तकनीकी संसाधनों और आधुनिक उपकरणों के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

इसके अलावा राज्य सरकार के वित्त विभाग द्वारा भेजे गए वित्तीय संकल्प को भी बैठक में मंजूरी दी गई। वहीं, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की अनुशंसा पर विभिन्न कॉलेजों में कार्यरत सहायक प्राध्यापकों एवं प्राध्यापकों की प्रोन्नति संबंधी प्रस्तावों को भी सिंडिकेट ने स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में कुलपति प्रो. सरोज शर्मा, कुलसचिव, राज्यपाल की ओर से मनोनीत सदस्य तथा विश्वविद्यालय के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak