प्रणामी मंदिर में 10 को धूमधाम से मनेगा श्री कृष्ण छठी महोत्सव
रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव 10 सितंबर को हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। परमहंस संत डॉ सदानंद महाराज के पावन सानिध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से आयोजित महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में अहम बैठक कर विशेष तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
इस दौरान ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि छठी महोत्सव पर श्री राधा-कृष्ण का आकर्षक आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को सुंदर झूले में विराजमान कर झूलन उत्सव भी मनाया जाएगा। श्रद्धालु भगवान के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे।
महोत्सव के दौरान भगवान को केसरिया खीर, पेड़ा, माखन-मिश्री, पंजीरी, फल और नारियल सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। मंदिर के पुजारी विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित करेंगे। इसके बाद विशेष आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
ट्रस्ट अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल और उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण छठी महोत्सव भक्ति, प्रेम, सेवा और सामूहिक आनंद का पर्व है। भगवान की बाल लीलाओं का स्मरण श्रद्धालुओं को वात्सल्य, समर्पण और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
ट्रस्ट ने रांची और आसपास के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

