home page

नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अवैध संरचनाओं को हटाया

 | 
नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अवैध संरचनाओं को हटाया


रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर राजधानी की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में निगम का कार्य सोमवार को भी जारी रहा। राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। निगम की इंफोर्समेंट टीम ने बरियातू रोड, बड़गई चौक, पीएचईडी चौक से बूटी मोड़ और भारत माता चौक से किशोरगंज चौक और हरमू रोड तक अभियान चलाकर सरकारी भूमि एवं सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बरियातू रोड क्षेत्र में सरकारी भूमि पर निर्मित दो स्थायी अवैध संरचनाओं को हटाया गया। वहीं दो अन्य अवैध निर्माणों पर नोटिस चस्पा कर संबंधित लोगों को 48 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। समय सीमा के बाद निगम की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सड़क किनारे लगाए गए पांच अस्थायी अतिक्रमण और दुकानों को भी हटाया गया।

मेडिका चौक के समीप निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक नाले को अवरुद्ध कर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे धोबी घाट को भी हटाया गया। निगम ने नाले की जल निकासी बहाल करते हुए संबंधित व्यक्ति को भविष्य में सरकारी भूमि और सार्वजनिक नाली का दुरुपयोग नहीं करने की चेतावनी दी।

भारत माता चौक से किशोरगंज चौक और हरमू रोड तक भवनों से बाहर निकली सीढ़ियां, फ्लोरिंग और अन्य अतिक्रमणकारी संरचनाएं हटाई गईं। निगम ने कहा कि सड़क और फुटपाथ की मूल चौड़ाई बहाल कर आम नागरिकों और पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर निगम कर्मी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar