रांची नगर निगम ने 45 कोचिंग संस्थानों को थमाया अंतिम नोटिस
रांची, 24 नवंबर (हि.स.)।
रांची नगर निगम ने शहर में संचालित हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को वैधानिक दस्तावेजों और निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने पर निगम ने 45 कोचिंग संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया है।
रांची नगर निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया है कि सभी को नोटिस प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर संचालन बंद करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
आदेश का पालन नहीं करने पर संस्थानों को सील किया जाएगा। नगर निगम की ओर से बताया गया कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का एनओसी और स्वीकृत भवन प्लान सहित अन्य अनुमतियां अनिवार्य हैं। इससे पहले निगम ने 10 संस्थानों को अंतिम नोटिस जारी किया था।
संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर इनका संचालन बंद करा दिया गया है। नए नोटिस की सूची में लालपुर के हरिओम टावर और ली डिजायर कॉम्प्लेक्स स्थित कई कोचिंग संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा ईस्ट जेल रोड, सर्कुलर रोड और थड़पखना क्षेत्र के संस्थानों को भी नोटिस दिया गया है।
इनमें फिटजी, विजन आईएएस, करियर पॉइंट, विनय आईएएस एकेडमी और न्यूटन ट्यूटोरियल्स शामिल हैं। निगम ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि स्वीकृत भवन प्लान के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।
सभी संचालकों को वैधानिक प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

