home page

रांची से बेंगलुरु-हैदराबाद के लिए जल्द मिल सकती है नई ट्रेन की सौगात

 | 
रांची से बेंगलुरु-हैदराबाद के लिए जल्द मिल सकती है नई ट्रेन की सौगात


रांची, 18 जून (हि.स.)। रांची से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जल्द बड़ी राहत मिलने की संभावना है। रेलवे ने रांची से बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए नई ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अगले एक महीने के भीतर दोनों ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सकता है।

रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने गुरुवार काे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ और लंबी वेटिंग सूची को देखते हुए यह पहल की गई है। नई ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और हवाई यात्रा के महंगे विकल्प पर निर्भरता भी कम होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बेंगलुरु रेलखंड पर चल रहे आवश्यक विकास कार्यों के पूरा होने के बाद नई ट्रेन चलाने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। प्रस्तावित रांची-बेंगलुरु ट्रेन बरकाकाना, गया, जबलपुर, नागपुर, काजीपेट और धर्मावरम होते हुए बेंगलुरु पहुंचेगी। इससे झारखंड के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा रांची से हैदराबाद के लिए भी नई ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है। दोनों ट्रेनों को सप्ताह में चार-चार दिन संचालित करने का प्रस्ताव है। इससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों और दक्षिण भारत में रहने वाले झारखंड के लोगों को सुविधा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar