अंतरराष्ट्रीय स्मगलिंग गिरोह में शामिल रामगढ़ के तीन युवक पुणे जेल में बंद, जांच करने पहुंचे कस्टम के अधिकारी
रामगढ़, 04 जून (हि.स.)। जिले की युवा पीढ़ी बहुत जल्दी करोड़पति बनने का सपना देख रही है। इसी चक्कर में जिले के युवा अब जिला, राज्य और देश को छोड़कर अंतरराष्ट्रीय स्मगलिंग गैंग में शामिल हो रहे हैं। रामगढ़ थाना क्षेत्र के मनुवा फुल सराय गांव के रहने वाले तीन युवकों की पुणे एयरपोर्ट पर नशीली पदार्थों के साथ हुई गिरफ्तारी ने कई सवाल खड़े किए हैं।
जो युवक खाड़ी देश जाकर नौकरी और रोजगार की बात करते हैं, वे शायद इसी स्मगलिंग गैंग में शामिल होकर नशे का व्यापार कर रहे हैं। लगभग 01 महीने पहले पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मनुवा फुलसराय गांव के रहने वाले तीन युवकों की गिरफ्तारी हुई। इसमें मो हसनैन, लालू और बिट्टू शामिल हैं। हिंद मुहल्ला के रहने वाले यह सभी युवक अलग-अलग देश में भी पहले रह चुके हैं।
पुलिस ने उनके पास से हाइड्रोपोनिक वीड (बेहद ही नशीला पदार्थ) बरामद किया था। जिसकी बाजार में कीमत 8.7 करोड रुपए है। यह तीनों युवक डेयरी मिल्क चॉकलेट के पैकेट में नशीला पदार्थ लेकर सिंगापुर से भारत पहुंचे थे। जब से उनकी गिरफ्तारी हुई है, तब से रामगढ़ जिले में भी उनसे जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। उसे नशीले पदार्थ को किस जगह पर खपाना था इसका पता भी अभी लगाया जा रहा है।
गुरुवार को कस्टम और रामगढ़ पुलिस की टीम गिरफ्तार आरोपितों के घर पहुंची और जांच पड़ताल की।
रामगढ़ पुलिस भी उससे जुड़े लोगों का इतिहास खंगाल रही है कि किस कारोबार से उन लोगों ने अपने आलीशान मकान और बैंक बैलेंस बनाए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

