home page

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में कोलंबस कॉलेज बना चैंपियन

 | 
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में कोलंबस कॉलेज बना चैंपियन


वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में कोलंबस कॉलेज बना चैंपियन


रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ कॉलेज में आयोजित विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग की अंतर-महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मेजबान रामगढ़ कॉलेज की टीम चैंपियन बनी। मंगलवार काे खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रामगढ़ कॉलेज ने संत कोलंबस कॉलेज, हजारीबाग को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं संत कोलंबस कॉलेज की टीम उपविजेता रही।

दूसरे दिन मंगलवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में संत कोलंबस कॉलेज, हजारीबाग ने जुबिली कॉलेज, भुरकुंडा को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में रामगढ़ कॉलेज और संत कोलंबस कॉलेज के बीच कांटे की टक्कर हुई। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन रामगढ़ कॉलेज ने बेहतर तालमेल और खेल कौशल के दम पर 2-1 से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। संत कोलंबस कॉलेज के आदित्य कुमार राम को मैन ऑफ द फाइनल मैच, जबकि रामगढ़ कॉलेज के सोहेल अहमद को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ विकास कुमार, विशिष्ट अतिथि खेल निदेशक डॉ जॉनी रूफिना तिर्की और राजनीतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ सुकल्याण मोइत्रा उपस्थित रहे। डॉ विकास कुमार ने सफल आयोजन के लिए रामगढ़ कॉलेज को बधाई देते हुए कहा कि खेल के मैदान में चरित्र निर्माण भी होता है। खेल को बढ़ावा देने का उद्देश्य राज्य और देश के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार करना है।

प्राचार्य प्रो डॉ विमल कुमार मिश्रा ने विजेता औरउपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। उन्होंने प्रतियोगिता की जिम्मेदारी रामगढ़ कॉलेज को देने के लिए विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध छह महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें आदर्श कॉलेज राजधनवार, अन्नदा कॉलेज हजारीबाग, जुबिली कॉलेज भुरकुंडा, सरिया कॉलेज सरिया, संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग और रामगढ़ कॉलेज शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश