श्रद्धापूर्वक मनाई गई रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि
रामगढ़, 08 अक्टूबर (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि गुरुवार को रोटरी क्लब परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने की। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
प्रदेश सचिव केवल पासवान और अर्जुन पासवान ने कहा कि रामविलास पासवान का संघर्षमय जीवन, सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण और गरीबों, शोषितों एवं वंचितों के उत्थान के लिए किया गया योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनके विचारों, आदर्शों और संकल्पों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाना तथा उनके सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि रामविलास पासवान का जीवन जनसेवा, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल रहा है। उनके विचारों और जनहित में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाना पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में लोजपा रामविलास के प्रदेश सचिव केवल पासवान और अर्जुन पासवान के अलावा महिला प्रकोष्ठ की झारखंड प्रदेश की पूर्व अध्यक्ष सुनीता देवी, एससी-एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गणेश पासवान, महिला जिलाध्यक्ष शिवानी सिन्हा, जिला प्रधान महासचिव बीनू राय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

